फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोंडा में छठ घाटों पर तैनात होंगे गोताखोर, नाव और महिला पुलिसकर्मी भी रहेंगी

गोंडा में छठ महापर्व पर घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया है। संवेदनशील घाटों पर गोताखोर, नाव और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। व्रतियों के पानी में फिसलकर गिरने और पटाखों से आग लगने की आशंका को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जाएगी। जिले में 15 और 16 नवंबर को छठ महापर्व मनाया जाएगा। 15 नवंबर की शाम व्रती महिलाएं डूबते सूर्य और 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देंगी। इस दौरान नदियों, तालाबों और सरोवरों के घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। डीएम प्रियंका निरंजन ने सभी एसडीएम को अपने क्षेत्रों के प्रमुख पूजा स्थलों का निरीक्षण कर सफाई, प्रकाश और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम कराने के निर्देश दिए हैं। सीडीओ दयानंद प्रसाद ने बताया कि नगर क्षेत्र में खैरा भवानी मंदिर तालाब, 30वीं वाहिनी पीएसी तालाब और सगरा तालाब प्रमुख पूजा स्थल हैं। वहीं, करनैलगंज के सोनबरसा पोखरा, परसपुर के सरयू घाट, इटियाथोक के बिसुही नदी घाट, मनकापुर के मनवर और नकटा घाट, नवाबगंज के पसका घाट, तरबगंज के ऐली परसौली घाट और अमदही रामघाट समेत विभिन्न क्षेत्रों में चिह्नित स्थलों पर पूजा होगी। डीएम ने एसडीएम को चिह्नित घाटों के अलावा अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का भी निरीक्षण करने और अधीनस्थ अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को स्वयं भ्रमणशील रहकर कानून-व्यवस्था बनाए रखनी होगी। किसी भी आपात स्थिति में डीएम और एसपी को तत्काल सूचना देनी होगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए एसपी, सीडीओ, नगर मजिस्ट्रेट, सीओ, बिजली विभाग, जिला पंचायत राज अधिकारी और नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को भी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित कराने को कहा गया है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें