नौगढ़। सावन मास के पावन अवसर पर नौगढ़ के प्रसिद्ध मां अमराभगवती धाम में शनिवार को भव्य महा रुद्राभिषेक का आयोजन हुआ। भोलेनाथ के जयकारों से गूंजते मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आचार्य पंडित रवि शुक्ला के नेतृत्व में इक्कीस ब्राह्मणों ने विधिवत रुद्राभिषेक कराया। इस अनुष्ठान में आचार्य शुभम, दिनेश, वीनू, आंशू सहित इक्कीस ब्राह्मणों ने सामूहिक रूप से भगवान शिव की आराधना की। मुख्य जजमान के रूप में विवेक यदुवंशी, मोनू सिंह, नीतीश, आकाश और कर्ण यादव ने पूजा-पाठ में भाग लिया। आरती और बंधन के साथ पूरे विधि-विधान से भोलेनाथ का अभिषेक किया गया।मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों के बीच शिवलिंग पर जल, दूध और बेलपत्र अर्पित किए। वातावरण वैदिक मंत्रों और भक्ति भाव से सराबोर रहा।मुख्य आचार्य पंडित रवि शुक्ला ने बताया कि यह केवल पूजा ही नहीं, बल्कि समस्त कष्टों को हरने वाली महापूजा है। उन्होंने कहा कि शास्त्रों में वर्णित है— सावन में किया गया एक रुद्राभिषेक, एक हजार अश्वमेध यज्ञ के बराबर फल देता है। इसी कारण सावन मास में रुद्राभिषेक का विशेष महत्व है।इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और आस्था का वातावरण बना दिया। श्रद्धालुओं ने इसे जीवन का पुण्य अवसर मानते हुए भाग लिया और भगवान शिव से सुख-समृद्धि, शांति और मंगल की कामना की। इस दौरान ग्राम प्रधान परमानंद यादव, पूर्व ग्राम प्रधान सांद्रानंद यादव ज्ञान प्रकाश सिंह शमशेर सिंह अंचल यादव आकाश पांडेय सहित दर्जनों श्रद्धालु मौजूद रहे।