बदायूं में श्री गुरुनानक देव महाराज जी के 557वें प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में रविवार को भव्य नगर कीर्तन आयोजन किया गया। विशाल नगर कीर्तन पूर्वाह्न 11 बजे गुरुद्वारा जोगीपुरा से शुरू हुआ। इससे पूर्व सुबह 8:30 बजे निशान साहिब को नया चोला पहनाया गया। श्री गुरुग्रंथ साहिब के चरणों में अरदास करके पंज प्यारों की उपस्थिति में नगर कीर्तन शुरू हुआ, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ गुरुद्वारा पंजाबी मोहल्ला पहुंचा। वहां से आगे चलकर दोबारा गुरुद्वारा जोगीपुरा पहुंचकर नगर कीर्तन का समापन हुआ। यहां पर विशाल लंगर का आयोजन भी किया गया। नगर कीर्तन का शहर में जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं की ओर से जगह-जगह प्रसाद वितरण किया गया। गुरुद्वारा जोगीपुरा के प्रधान सरदार प्रतिपाल सिंह दुआ ने बताया कि अलीगढ़ से गतका पार्टी तथा वीर सिंह जी ने अपना गतका दल लेकर विशेष तौर पहुंचकर अपनी प्रस्तुति दी। रुद्रपुर से रहमान ढोल ग्रुप, अमृतसर से पाइप बैंड, पंजाब से शहनाई तथा बड़ी संख्या में गुरु की संगत शामिल हुई।