शारदीय नवरात्र के अवसर पर सोमवार को जिले में मिशन शक्ति फेज-6 का शुभारंभ हुआ। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश देने के लिए महिला पुलिसकर्मियों, छात्राओं और आशा बहुओं ने जागरूकता रैली निकाली। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली के माध्यम से महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी तरह के उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने का संदेश दिया गया। रैली कलेक्ट्रेट से शुरू होकर चित्तू पांडेय चौराहा और रेलवे स्टेशन रोड होते हुए शहीद पार्क चौक पहुंचकर समाप्त हुई। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी एवं मिशन शक्ति के नोडल अधिकारी दिनेश कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा, क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा, कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह, महिला थाना प्रभारी मंजू सिंह, महिला पुलिसकर्मी, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और शिक्षक शामिल हुए। मिशन शक्ति-6 के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा और जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।