नदियों को स्वच्छ रखने के लिए केवल पौधरोपण ही नहीं, बल्कि नदी में कूड़ा, प्लास्टिक, पूजा सामग्री और कपड़े डालने से रोकने के लिए जनजागरूकता भी जरूरी है। नदी संरक्षण के लिए सरकार के प्रयासों के साथ जनभागीदारी जरूरी है। यह बातें केंद्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री राज भूषण चौधरी ने शुक्रवार को अवध विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद सभागार में पांचवें अंतरराष्ट्रीय नदी सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि लोग नदी में स्नान के बाद कपड़े छोड़ देते हैं और पूजा सामग्री पॉलीथीन में भरकर विसर्जित कर देते हैं। इससे नदियां प्रदूषित होती हैं। नदियों की सफाई और संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। नदी स्वच्छ होगी तो पर्यावरण को भी लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत गंगा और उसके किनारे बसे शहरों के गंदे पानी को सीधे नदी में गिरने से रोकने के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में गंगा किनारे शहरों में सीवेज ट्रीटमेंट की क्षमता करीब 1305 एमएलडी थी, जो अब लगभग 4000 एमएलडी हो चुकी है। फरवरी 2026 तक कार्यक्रम में 524 परियोजनाएं स्वीकृत हुई थीं, जिनमें 365 पूरी हो चुकी हैं। एसटीपी से शोधित पानी का इस्तेमाल उद्योगों, निर्माण कार्य और खेती में किया जा सकता है। इससे भूजल का दोहन कम होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति रोज एक गिलास पानी बचाने का संकल्प ले तो देश में प्रतिदिन करोड़ों गिलास पानी बचाया जा सकता है। वर्षा जल संचयन, तालाबों और वेटलैंड्स का पुनर्जीवन तथा पौधरोपण से भूजल स्तर बढ़ाने की जरूरत है। जल शक्ति अभियान के माध्यम से लोगों को अपनी मातृभूमि में जल स्रोतों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सामूहिक प्रयास से आने वाली पीढ़ियों को जल संकट से बचाया जा सकता है। कार्यक्रम में अवध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजेंद्र सिंह, महापौर गिरिश पति त्रिपाठी, डॉ. बीआर चौधरी, डॉ. विनोद चौधरी सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।