अयोध्या में रुदौली नगर के पूरे काजी मोहल्ले में बृहस्पतिवार को श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ पर श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर मंगल गीत गाते हुए भव्य कलश यात्रा निकाली। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। लक्ष्मी मिश्र एवं श्रीमती सावित्री मिश्र के संयोजन में आयोजित कलश यात्रा काजीपुरा मोहल्ले से शुरू हुई। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीत गाते और जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। इससे पूरा नगर भक्तिमय हो गया। आयोजक लक्ष्मी प्रसाद मिश्र ने बताया कि सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा 12 नवंबर से शुरू होकर 19 नवंबर तक चलेगी। कथा व्यास मनोज पांडेय जी महाराज अपनी ओजस्वी वाणी से श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। आयोजन को लेकर मोहल्ले में उत्साह का माहौल है।