अयोध्या में जिला बेसिक शिक्षा कार्यालय में 359 शिक्षकों की पदोन्नति के लिए आयोजित होने वाला साक्षात्कार शनिवार को दोपहर 12 बजे तक शुरू नहीं हो पाया। साक्षात्कार टलने की वजह शिक्षक संगठनों का आपसी मतभेद बताया जा रहा है। बताया गया कि पदोन्नति को लेकर शिक्षक संगठनों में सहमति नहीं बन पाई। अलग-अलग संगठनों ने अलग-अलग मांगें रख दीं, जिसके चलते इंटरव्यू की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी। इस दौरान कार्यालय पर शिक्षकों की भीड़ लगी रही और शिक्षक दिनभर इंतजार करते रहे। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लाल चंद्र ने बताया कि जब तक शिक्षक संगठन आपस में तैयार नहीं हो जाते, तब तक इंटरव्यू शुरू करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि संगठन आपस में बैठकर सहमति बना लें, तो विभाग इंटरव्यू शुरू कर देगा। साक्षात्कार टलने से पदोन्नति का इंतजार कर रहे शिक्षकों में निराशा है। शिक्षकों का कहना है कि संगठनों के मतभेद का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने संगठनों से जल्द सहमति बनाकर पदोन्नति प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की है।