अयोध्या में भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को महिला जिला अध्यक्ष सविता मौर्या के नेतृत्व में मिल्कीपुर तहसील परिसर में मासिक बैठक की। बैठक के बाद किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं से संबंधित चार सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम पवन कुमार शर्मा को सौंपकर उनके निस्तारण की मांग की। ज्ञापन में भरतपुर सरियावां निवासी सुमन विश्वकर्मा के मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई। आरोप है कि पड़ोसी शिवकुमारी ने घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की और बाद में एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करा दिया। यूनियन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई। इसके अलावा जयराजपुर निवासी सत्यनाम के खेत में ट्यूबवेल का विद्युत कनेक्शन कराने की मांग की गई। उनका आरोप है कि कनेक्शन के लिए शुल्क जमा करने के बावजूद संबंधित जेई लगातार दौड़ा रहे हैं और कनेक्शन नहीं किया जा रहा है। ज्ञापन में जयराजपुर पूरे पासिन गांव में पक्की सड़क से गांव तक जाने वाले कच्चे रास्ते पर खड़ंजा लगवाने की मांग भी शामिल रही। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान रास्ते पर आवागमन मुश्किल हो जाता है। वहीं तहसील क्षेत्र में छुट्टा गोवंश से किसानों की फसलों को हो रहे नुकसान और लोगों के घायल होने की समस्या उठाते हुए उन्हें पकड़वाकर गोशालाओं में संरक्षित कराने की मांग की गई। इस दौरान तहसील अध्यक्ष रमेश कुमार, प्रदेश सचिव रामजन्म वर्मा, राजू पांडेय, लाल बहादुर, मायावती सहित यूनियन के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।