जायस थाना क्षेत्र के पूरे उदवत गुजरन, मजरे सराय महेशा निवासी मो. मोसिम धोखाधड़ी समेत कई मामलों में फरार चल रहा है। न्यायालय के आदेश पर शुक्रवार को जायस पुलिस ने उसके घर, पंचायत भवन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर 82 की नोटिस चस्पा की। इसके साथ ही गांव में लाउडहेलर से मुनादी कराकर आरोपी को न्यायालय में आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई। पुलिस ने कहा है कि सरेंडर नहीं करने पर उसकी संपत्ति कुर्क की जाएगी। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। न्यायालय रायबरेली से नोटिस मिलने के बाद थाना प्रभारी अमरेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे। गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के घर, पंचायत भवन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नोटिस चस्पा की गई। थाना प्रभारी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि मोसिम के खिलाफ जायस थाने में मारपीट, धमकी समेत छह मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा बलरामपुर के तुलसीपुर थाने में भी उसके खिलाफ मामला दर्ज है। उन्होंने बताया कि आरोपी को जल्द न्यायालय में आत्मसमर्पण करना होगा। ऐसा नहीं करने पर उसकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी।