रक्षाबंधन पर भाई को राखी बांधकर लौट रही एक महिला और उसकी बेटी से युवकों ने छेड़खानी की। आरोप है कि आरोपियों ने महिला को खींचकर ले जाने की भी कोशिश की। जान बचाकर महिला घर पहुंची तो आरोपी साथियों के साथ वहां आ धमके। विरोध पर पूरे परिवार पर हमला कर दिया। शाहगंज निवासी महिला ने बताया कि मायके से लौटते समय पांच युवकों ने उन्हें रोका और छेड़खानी की। चीख-पुकार सुनकर राहगीर आ गए। आरोपियों ने शिकायत करने पर एससी-एसटी एक्ट मामले में फंसाने की धमकी दी। रात करीब 10:30 बजे 10-12 साथी आरोपियों के साथ दुकान पर आए। उन्होंने सास, पति और देवर को लाठी-डंडों व सरिया से पीटा। इस हमले में सास और देवर के हाथ में हड्डी टूट गई, जबकि पति के सिर में 11 टांके लगे। घटना का फुटेज सीसीटीवी कैमरे में आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस ने पहले शिकायत दर्ज नहीं की। 112 पर सूचना देने के बाद पुलिस ने सभी को चिकित्सा जांच के लिए भेजा और दो दिन बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली। परिवार ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा था लेकिन उसे छोड़ दिया गया। एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि पीड़ितों के बयान दर्ज किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मेडिकल रिपोर्ट मिलने में समय लगा। कार्रवाई की जाएगी।