भारतीय वायुसेना के एएन-32 विमान से 1250 फीट की ऊंचाई से पैराशूट जंप लगाकर देशभर से आए 60 एनसीसी कैडेट्स ने अपने अदम्य साहस और आत्मविश्वास का परिचय दिया। इस खास मौके पर राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स ने भी कैडेट्स के साथ छलांग लगाकर उनका हौसला बढ़ाया और सभी ने पूरी तरह सुरक्षित लैंडिंग की। आगरा स्थित पैरा ट्रेनिंग स्कूल में 2 नवंबर से 25 नवंबर तक आयोजित किए जा रहे पैरा बेसिक कोर्स के तहत इन कैडेट्स को पैराशूट जंप का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर निदेशालय के कैडेट्स ने बताया कि शुरुआत में इतनी ऊंचाई से छलांग लगाने में थोड़ा डर जरूर लगा था, लेकिन विमान से बाहर निकलते ही वह डर खुशी और रोमांच में बदल गया। कैडेट्स के मुताबिक आसमान से ताजमहल का खूबसूरत नजारा देखकर ऐसा महसूस हो रहा था मानो वे स्वर्ग में हों और यह पल उनके लिए जीवन भर यादगार रहेगा। कैडेट्स ने इंस्ट्रक्टर्स की बेहतरीन ट्रेनिंग की सराहना की। छलांग पूरी होने के बाद सभी कैडेट्स के चेहरों पर गजब का उत्साह और खुशी देखने को मिली।