आगरा के कस्बा खंदौली में शनिवार को महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा धूमधाम के साथ निकाली जाएगी। शोभायात्रा को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए अग्रवाल संगठन के पदाधिकारी तैयारियों में जुटे हैं। शोभायात्रा में एक दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियां शामिल होंगी, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। अग्रवाल संगठन के उपाध्यक्ष रिंकू जिंदल, महामंत्री प्रकाश जिंदल और संरक्षक संतोष जिंदल ने बताया कि शोभायात्रा मुड़ी रोड से प्रारंभ होकर कस्बे के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए लाल मंदिर पर पहुंचकर संपन्न होगी। शोभायात्रा का उद्घाटन खंड विकास अधिकारी विजय कुमार अग्रवाल करेंगे। वहीं, प्यारेलाल की धर्मशाला पर बनाए गए मंच का उद्घाटन उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग करेंगे। आयोजन के तहत दिन में बच्चों की खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके बाद शाम को प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। संगठन के पदाधिकारी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। शोभायात्रा और विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर अग्रवाल समाज में उत्साह का माहौल है।