आगरा के फतेहाबाद में मिशन शक्ति अभियान के तहत सोमवार को पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने स्कूली छात्राओं के साथ कस्बे में जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। छात्राओं ने पोस्टर और पंपलेट के जरिए महिला सुरक्षा का संदेश दिया। एसीपी फतेहाबाद इमरान अहमद ने बताया कि अभियान के दौरान मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को आपात स्थिति में पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। टीम ने 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की जानकारी दी। साथ ही मिशन शक्ति केंद्र, वन स्टॉप सेंटर और सेफ सिटी परियोजना सहित सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया।