आगरा में भगवान टॉकीज पर सोमवार दोपहर को स्कूलों की छुट्टी के बाद भीषण जाम लग गया। सर्विस रोड पर वाहनों की कतारें लग गईं। दयालबाग की तरफ से आने वाले वाहन भी फंस गए। पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। एक एंबुलेंस 20 मिनट तक फंसी रही। इसके अलावा रावली और हरीपर्वत पर भी वाहनों की कतारें लगने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का आरोप है कि भगवान टॉकीज पर 100 मीटर के दायरे में वाहन खड़े रहते हैं। इससे परेशानी होती है। सर्विस रोड पर अबुल उलाह दरगाह की तरफ मेट्रो का काम चल रहा है। यहां पर बैरिकेडिंग लगी हुई हैं। इससे आधी सड़क घिर गई है। वहीं खंदारी की तरफ जाने वाले सर्विस रोड पर भी वाहनों की लंबी लाइन लग गई। हरीपर्वत पर चाैराहे पर बैरिकेडिंग लगा दी गई है। दिल्ली गेट से हरीपर्वत की तरफ जाने वाले रास्ते लेन पर सीएम ग्रिड का काम चल रहा है। रावली पर भी मेट्रो का काम चल रहा है। इससे रोजाना जाम लग रहा है।