ताईक्वांडो एसोसिएशन जिला शिमला की ओर से सोमवार को गेयटी थिएटर में जिला स्तरीय 26वीं क्योरुगी और 16वीं पूमसे ताइक्वांडो चैंपियनशिप का आगाज हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन सब-जूनियर वर्ग के मुकाबले करवाए गए, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चैंपियनशिप में विभिन्न आयु वर्गों के छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं। टोडलर्स वर्ग में नौ वर्ष से कम आयु के खिलाड़ी, सब-जूनियर में 9 से 11 वर्ष, कैडेट में 12 से 14 वर्ष, जूनियर में 15 से 17 वर्ष और सीनियर वर्ग में 17 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ी मुकाबले में उतरेंगे। सब-जूनियर वर्ग में 12 अलग-अलग भार वर्गों, कैडेट और जूनियर वर्ग में 10-10 भार वर्गों तथा सीनियर वर्ग में आठ भार वर्गों में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिताएं छात्र और छात्रा दोनों वर्गों में करवाई जा रही हैं। पहले दिन खिलाड़ियों ने ताइक्वांडो के क्योरुगी मुकाबलों में अपनी तकनीक, फुर्ती और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों में उत्साह नजर आया।