फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान: स्वच्छता में प्रदेश में नंबर 1 जयपुर, जमीनी हकीकत सिफर, सीएम आवास के पास कचरे के ढेर ने खोली पोल

Thu, 12 Nov 2026 05:20 PM IST
जयपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

गुलाबी नगरी जयपुर को राजस्थान का सबसे स्वच्छ जिला मानते हुए प्रदेश में पहला स्थान दिया गया है। दिल्ली के विज्ञान भवन में शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित भी किया गया। इस उपलब्धि से नगर निगम के अधिकारी और जनप्रतिनिधि भले ही अपनी पीठ थपथपा रहे हों लेकिन जयपुर की जमीनी तस्वीर इस सम्मान की चमक को फीका कर रही है। पुरस्कार मिलने के अगले ही दिन शहर के कई इलाकों में कचरे के ढेर नजर आए। हैरानी की बात यह है कि गंदगी केवल बाहरी या पिछड़े इलाकों तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर के पॉश और वीआईपी क्षेत्रों में भी सफाई व्यवस्था बदहाल दिखाई दे रही है।

मुख्यमंत्री आवास के आसपास भी कचरे के ढेर
जयपुर की सफाई व्यवस्था का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि विधानसभा के आसपास, मुख्यमंत्री आवास के नजदीक, सिविल लाइंस और सी-स्कीम जैसे प्रमुख इलाकों में भी जगह-जगह कचरे के ढेर नजर आते हैं। ये ऐसे इलाके हैं, जहां से प्रदेश की सत्ता और प्रशासन का संचालन होता है। जब शहर के सबसे महत्वपूर्ण और पॉश इलाकों में सफाई व्यवस्था का यह हाल है तो दूसरे क्षेत्रों की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। परकोटे के बाजारों से लेकर प्रमुख सड़कों और कचरा संग्रहण केंद्रों तक गंदगी के दृश्य स्वच्छता के दावों पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

जनसहभागिता के बावजूद नहीं उठ रहा कचरा
नगर निगम की ओर से स्वच्छता अभियान में जनसहभागिता पर लगातार जोर दिया जा रहा है। आमजन से कचरा निर्धारित स्थान पर डालने, गीले और सूखे कचरे को अलग रखने तथा शहर को साफ रखने में सहयोग की अपील की जा रही है लेकिन सवाल यह है कि जब नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपेक्षा के बीच कचरा निर्धारित स्थानों पर डाल भी रहे हैं तो उसका समय पर उठाव क्यों नहीं हो रहा? कचरा डिपो और संग्रहण केंद्रों पर लंबे समय तक ढेर लगे रहना सफाई व्यवस्था की निगरानी और कचरा उठाव की नियमितता पर सवाल खड़े करता है।

ये भी पढ़ें: जयपुर: बिजली चोरी और लाइन लॉस पर लगेगी डिजिटल लगाम, एआई से होगी निगरानी, तीनों डिस्कॉम होंगे हाईटेक

महापौर सुनील कोठारी, नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा और संबंधित अधिकारियों के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती पुरस्कार की प्रतिष्ठा बनाए रखने की है। स्वच्छता केवल सर्वेक्षण के दौरान विशेष अभियान चलाने, निरीक्षण कराने और बेहतर आंकड़े प्रस्तुत करने से कायम नहीं रह सकती। इसके लिए प्रत्येक वार्ड में नियमित सफाई, घर-घर कचरा संग्रहण, समय पर कचरा उठाव, कचरा डिपो की सफाई और निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था जरूरी है।

जयपुर को प्रदेश में पहला स्थान मिलना निश्चित रूप से उपलब्धि है लेकिन इस सम्मान की असली परीक्षा शहर की रोजमर्रा की सफाई व्यवस्था है। यदि राजस्थान के सबसे स्वच्छ जिले की राजधानी में ही मुख्यमंत्री आवास और पॉश इलाकों के आसपास कचरे के ढेर दिखाई दे रहे हैं तो प्रदेश के दूसरे जिलों की स्थिति को लेकर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।

आखिर सवाल यही है कि जयपुर की स्वच्छता का सम्मान केवल दिल्ली के समारोह और सरकारी आंकड़ों तक सीमित रहेगा या शहरवासियों को वास्तव में साफ सड़कें, स्वच्छ बाजार और कचरे से मुक्त गलियां भी दिखाई देंगी? पुरस्कार की असली चमक प्रमाण पत्र से नहीं, बल्कि शहर की साफ-सुथरी सड़कों से दिखाई देनी चाहिए।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें