फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अजमेर: टिकट से पहले भाजपा में घमासान, पूर्व मेयर की पत्नी ने भरा निर्दलीय पर्चा; देवनानी पर लगाए आरोप

Sat, 29 Aug 2026 05:25 PM IST
अजमेर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अजमेर

अजमेर नगर निकाय चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया जारी है और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त है। हालांकि, भाजपा और कांग्रेस ने अभी तक अपने अधिकृत उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। टिकटों के ऐलान से पहले ही दोनों दलों में दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है और कई जगहों पर विवाद के स्वर भी सामने आने लगे हैं। इसी बीच भाजपा से दो बार अजमेर के मेयर रह चुके धर्मेंद्र गहलोत अपनी पत्नी हेमा गहलोत के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे। हेमा गहलोत ने वार्ड संख्या 4 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया है।

नामांकन के बाद पेनड्राइव को लेकर बड़ा दावा
नामांकन के बाद धर्मेंद्र गहलोत ने एक पेनड्राइव में ऑडियो कॉल रिकॉर्डिंग होने का दावा करते हुए मामले की जांच कराने की मांग की। उन्होंने कई भाजपा नेताओं पर आरोप लगाए और लगातार राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी पर भी निशाना साधा। गहलोत का कहना है कि उनके घर के बाहर एक लिफाफे में ऑडियो रिकॉर्डिंग वाली पेनड्राइव मिली है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

देवनानी के बेटे का नाम लेकर लगाए आरोप
गहलोत ने वासुदेव देवनानी के पुत्र महेश देवनानी का नाम लेते हुए दरगाह बाजार क्षेत्र की होटलों के नक्शे पास कराने से जुड़े मुद्दे का भी उल्लेख किया है। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित पक्ष का पक्ष सामने नहीं आया है।

कांग्रेस के दावेदारों ने भी दाखिल किए पर्चे
अजमेर नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस से संभावित उम्मीदवारों के रूप में कई दावेदारों ने नामांकन दाखिल किया है। इनमें वार्ड 43 से काजल यादव, वार्ड 13 से खुशनूर खानम, वार्ड 39 से सरजू देवी, वार्ड 47 से तरूणा, वार्ड 12 से संगीता, वार्ड 1 से बनवारीलाल और वार्ड 30 से बालकिशन शर्मा शामिल हैं। निर्दलीय प्रत्याशियों की बात करें तो वार्ड 76 से पूजा तोलानी, वार्ड 13 से अहमद हुसैन और वार्ड 4 से हेमलता गहलोत ने नामांकन दाखिल किया है।

31 अगस्त को तस्वीर हो सकती है साफ
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भाजपा और कांग्रेस से टिकट के दावेदारों में से कई लोगों को नामांकन दाखिल करने के लिए पहले ही संकेत दिए जा चुके हैं। हालांकि, दोनों प्रमुख दलों की ओर से उम्मीदवारों की सूची का औपचारिक ऐलान किए जाने की संभावना कम बताई जा रही है।
माना जा रहा है कि प्रत्याशियों के चुनाव चिह्न और अधिकृत पार्टी सिंबल सीधे 31 अगस्त को निर्वाचन कार्यालय में जमा कराए जा सकते हैं। ऐसे में नामांकन की अंतिम तारीख नजदीक आने के साथ ही अजमेर नगर निगम चुनाव की राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अब सभी की निगाहें भाजपा और कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवारों की सूची पर टिकी हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें