जालंधर के फगवाड़ा गेट इलाके में कथित सट्टेबाजी के मामले को लेकर पुलिस ने एक घर पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से कंप्यूटर, चार मोबाइल फोन, दस्तावेज और अन्य सामान बरामद किया है। वहीं, पुलिस ने मौके से 14 युवकों को राउंडअप किया है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कथित सट्टेबाजी के ठिकाने पर कार्रवाई की। सामने आई तस्वीरों में पुलिस द्वारा घर से सामान इकट्ठा करते हुए और राउंडअप किए गए युवकों को थाने ले जाते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान कुछ युवक मीडिया के कैमरों से चेहरा छिपाते नजर आए। मामले की जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर जगदीश लाल ने बताया कि सट्टेबाजी के संबंध में पुलिस ने दबिश दी थी और मौके से 14 लोगों को राउंडअप किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी को थाने ले जाकर मामले की जांच की जा रही है।