फरीदकोट जिला पुलिस की ओर से एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस के नेतृत्व में युद्ध नशों के विरुद्ध अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में शनिवार को एसपी नरेंद्र सिंह और डीएसपी कोटकपूरा संजीव कुमार की अगुवाई में कोटकपूरा के जैतो चुंगी, छज्ज घड़ा मोहल्ला सहित विभिन्न नशा प्रभावित इलाकों में कासो ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने नशा तस्करी में शामिल रहे संदिग्ध व्यक्तियों के घरों पर छापेमारी कर तलाशी ली। इसके अलावा इलाके में घूम रहे संदिग्ध लोगों को रोककर उनसे पूछताछ की गई। पुलिस की ओर से विशेष नाकाबंदी कर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच भी की गई। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसपी नरेंद्र सिंह ने बताया कि जिला पुलिस की ओर से ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत लगातार सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। इनका मुख्य उद्देश्य नशे की सप्लाई लाइन को तोड़ना और नशा तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करना है। उन्होंने कहा कि नशे के खात्मे और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में तलाशी अभियान और विशेष नाकाबंदी कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस की यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी।