पंजाब के मुख्यमंत्री द्वारा कर्मचारियों और पेंशनरों के साथ प्रस्तावित बैठक ऐन मौके पर रद्द किए जाने तथा आंदोलन कर रहे कर्मचारियों को कथित रूप से डराने-धमकाने के लिए विभिन्न विभागों की ओर से पत्र जारी किए जाने के विरोध में कर्मचारी संगठनों का रोष सड़क पर देखने को मिला। पंजाब कर्मचारी एवं पेंशनर सांझा मोर्चा तथा सांझा कर्मचारी मंच पंजाब की तालमेल कमेटी के आह्वान पर कर्मचारियों और पेंशनरों ने गवर्नमेंट टीचर यूनियन गढ़शंकर के अध्यक्ष अश्वनी राणा, पेंशनर नेता केशव दास और रामजी दास चौहान की अगुआई में अड्डा झुंगियां में रोष प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने बीनेवाल चौक में पंजाब के मुख्यमंत्री का पुतला फूंका और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारी नेताओं अश्वनी राणा, सुखदेव डानसीवाल, केशव दास, रामजी दास चौहान, नरेश कुमार, शिंगारा राम भज्जल, सतपाल मिन्हास, राज कुमार, पेंशनर बलवंत सिंह, नरेश भम्मीयां, अनुराधा जोशी, किसान नेता कुलभूषण कुमार पूर्व सरपंच तथा ऑल इंडिया जट्ट महासभा पंजाब के इंचार्ज जनरल सेक्रेटरी अजायब सिंह बोपाराय ने पंजाब सरकार पर कर्मचारियों की मांगों के प्रति गंभीरता नहीं दिखाने का आरोप लगाया। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार बातचीत के माध्यम से समस्याओं का समाधान निकालने के बजाय कर्मचारियों के साथ टकराव का रास्ता अपना रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों और पेंशनरों को बैठक के लिए बुलाने के बाद ऐन मौके पर बैठक रद्द करना सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।