मोगा के अर्जुनदेव नगर में लूट की एक वारदात सामने आई है। यहां घर के बाहर कुर्सी पर बैठी 83 वर्षीय बुजुर्ग महिला हरजीत कौर को मोटरसाइकिल सवार दो लुटेरों ने अपना निशाना बनाया। दोनों आरोपी किसी का पता पूछने के बहाने महिला के पास रुके और बातचीत के दौरान मौका पाकर उनके कानों में पहनी सोने की बालियां झपटकर फरार हो गए। वारदात के बाद बुजुर्ग महिला ने शोर मचाया, लेकिन तब तक दोनों आरोपी मौके से भाग चुके थे। घटना के बाद परिवार ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।