कपूरथला में तलवंडी चौधरियां के पास हुए सड़क हादसे में बिजली विभाग के 43 वर्षीय ठेका कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान चिमन सिंह (43) पुत्र गुरबचन सिंह निवासी गांव फरीदपुर, तलवंडी चौधरियां, कपूरथला के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, तलवंडी चौधरियां के पास मुख्य मार्ग पर चिमन सिंह का मोटरसाइकिल हादसाग्रस्त हालत में मिला। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी लाया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि चिमन सिंह बिजली विभाग में ठेका आधार पर लाइनमैन था। वह सब-डिवीजन ढिलवां के अधीन तैनात था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के समय वह ड्यूटी पर था। हादसे के बाद मृतक के शव को कानूनी कार्रवाई के लिए सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।