अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने चार अलग-अलग कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर नौ अवैध पिस्तौल, 1.313 किलोग्राम हेरोइन, 60 हजार रुपये ड्रग मनी और 13 कारतूस बरामद किए हैं। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में पाए गए हैं, जो अपराधियों को हथियार और नशा सप्लाई करते थे। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोशन लाल, मनजीत सिंह उर्फ बीटा, जसबीर सिंह उर्फ बॉबी, गुरलाल सिंह, शुभम भंडारी, गुरभेज सिंह उर्फ भेजा और पवनदीप सिंह उर्फ साहिल के रूप में हुई है। पुलिस आयुक्त हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि थाना छेहरटा और रणजीत एवेन्यू की टीमों ने कार्रवाई की। आरोपियों के खिलाफ चार मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस अन्य साथियों और हथियारों व नशे की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।