पंजाब की राजनीति में शिरोमणि अकाली दल पुनर सुरजीत और भाजपा के संभावित गठबंधन को लेकर चर्चाओं के बीच अजनाला से बड़ा बयान सामने आया है। शिरोमणि अकाली दल पुनर सुरजीत के हलका कोऑर्डिनेटर और पूर्व सांसद डॉ. रतन सिंह अजनाला ने दावा किया कि अकाली दल और भाजपा मिलकर चुनाव लड़ेंगे। अजनाला में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उनके पीछे भाजपा का बोर्ड दिखाई देने के बाद राजनीतिक गलियारों में गठबंधन की चर्चाएं और तेज हो गईं। डॉ. अजनाला ने कहा कि पार्टी नेतृत्व की ओर से गठबंधन को लेकर जो बात कही गई है, वह स्पष्ट और गंभीर है। उन्होंने पंजाब में बढ़ती नशे की समस्या पर भी चिंता जताई। कहा कि पिछले 10 से 15 वर्षों में पंजाब को सबसे अधिक नुकसान नशों ने पहुंचाया है। पूर्व में कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार और बाद में आम आदमी पार्टी सरकार ने नशा खत्म करने के दावे किए, लेकिन समस्या अभी भी गंभीर बनी हुई है। डॉ. अजनाला ने कहा कि आज का मतदाता पहले से अधिक जागरूक है और सोशल मीडिया के दौर में कोई भी मुद्दा लोगों से छिप नहीं सकता। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद लोग खुलकर अपनी बात सामने रखेंगे। उन्होंने कहा कि अकाली दल हलके में एक ही उम्मीदवार को चुनाव मैदान में उतारेगा।