बंदी सिखों की रिहाई और विशेष रूप से जत्थेदार भाई जगतार सिंह हवारा की पैरोल को लेकर पूर्व हजूरी रागी भाई बलदेव सिंह वडाला की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में हवारा की बहन पुष्पिंदर कौर, भाई हरप्रीत सिंह राणा और भाई जसवंत सिंह सिद्धूपुर सहित अन्य लोग शामिल रहे। बलदेव सिंह वडाला ने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ जगतार सिंह हवारा की पैरोल को लेकर विशेष बैठक हुई। इस दौरान उनकी बीमार मां की स्थिति को देखते हुए मानवीय आधार पर बेटे से मिलाने की मांग रखी गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जगतार सिंह हवारा को पैरोल देकर उन्हें अपनी मां से मिलने का अवसर दिया जाना चाहिए। पोस्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रतिनिधिमंडल की बात को गंभीरता से सुना और कानून-व्यवस्था की स्थिति को ध्यान में रखते हुए पैरोल संबंधी आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि मां-बेटे के मिलन के लिए मानवीय आधार पर हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। बलदेव सिंह वडाला ने मुख्यमंत्री से हुई बातचीत की सराहना करते हुए कहा कि बीमार मां को अपने बेटे से मिलाने के मामले में सरकार को संवेदनशीलता से फैसला लेना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि जल्द ही इस संबंध में सकारात्मक कदम उठाया जाएगा।