अमृतसर के अजनाला क्षेत्र के सीमावर्ती गांव जट्टा में एक घर को निशाना बनाकर किए गए दो बम धमाकों के मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों को मंगलवार को अजनाला अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों आरोपियों को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। अब पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से धमाकों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ करेगी। पुलिस ने इस मामले में गैंगस्टर हैप्पी पश्यां समेत दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था। जांच के दौरान पुलिस ने दो युवकों को कथित तौर पर वारदात में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान विश्वासप्रीत सिंह निवासी गांव अलीवाल और उसके साथी के रूप में बताई गई है। अदालत में पेशी के दौरान आरोपियों के वकील एडवोकेट मनदीप सिंह मुहार ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ के लिए अदालत से 10 दिन का पुलिस रिमांड मांगा था। बचाव पक्ष ने इसका विरोध करते हुए अपनी दलीलें रखीं। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने पुलिस को पांच दिन का रिमांड दिया। वकील के अनुसार, फिलहाल पुलिस की ओर से अदालत के समक्ष किसी बड़ी बरामदगी की जानकारी नहीं रखी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान मामले में अन्य खुलासे हो सकते हैं।