शहर में शारदीय नवरात्रि के अंतिम दिन सोमवार को गरबा पंडालों में भक्तों का उत्साह चरम पर रहा। शहर के विभिन्न पंडाल झिलमिलाती रोशनी, भक्ति गीतों और डांडिया की खनक से गुलजार रहे। देर रात तक गरबा और डांडिया का दौर चलता रहा, जिसमें महिलाओं और युवतियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लेकर मां दुर्गा की आराधना की। वहीं मंगलवार को विजयादशमी के अवसर पर शहर के नेहरू स्टेडियम में 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। बरबड़ मेला परिसर में भी 31 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा।
कालिका माता मंदिर में तलवारों के साथ गरबा
शहर के प्रमुख कालिका माता मंदिर परिसर में गरबा का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने गरबा रास प्रस्तुत किया। इस दौरान शौर्य, शक्ति और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। युवतियों और बालिकाओं ने तलवारों के साथ गरबा प्रस्तुत कर मां दुर्गा की आराधना की। नवरात्रि के समापन के बाद मंगलवार को दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। इसके साथ ही विजयादशमी पर रावण दहन के आयोजन होंगे।
नेहरू स्टेडियम में 51 फीट के रावण का दहन
बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक विजयादशमी पर्व पर 20 अक्टूबर को नेहरू स्टेडियम में रावण दहन का आयोजन किया जाएगा। नगर निगम की ओर से यहां 51 फीट ऊंचे रावण का आकर्षक पुतला तैयार कराया गया है। पुतले में आतिशबाजी की व्यवस्था भी की गई है। इसके साथ ही लंका का दहन भी होगा। कार्यक्रम के दौरान शाम 7 बजे से बैंड की सुमधुर धुनें सुनाई देंगी, जबकि रात 8 बजे से आतिशबाजी होगी। इसके बाद भगवान श्रीराम की सवारी के पहुंचने पर रावण के पुतले और लंका का दहन किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: गंगा-जमुनी तहजीब: सत्य सनातन यात्रा में साधु-संतों और कन्या भोज की जिम्मेदारी मुस्लिम नेता शरीफ पटेल को सौंपी
बरबड़ मेला परिसर में 31 फीट का रावण
शहर के बरबड़ मेला परिसर में भी विजयादशमी पर रावण दहन की तैयारियां की गई हैं। यहां 31 फीट ऊंचा रावण का पुतला तैयार कराया गया है। महापौर प्रहलाद पटेल, नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, निगम आयुक्त अनिल भाना, नेता पक्ष भगतसिंह भदौरिया, सामान्य प्रशासन समिति प्रभारी धर्मेंद्र व्यास और राजस्व समिति प्रभारी दिलीप कुमार गांधी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से नेहरू स्टेडियम और बरबड़ मेला परिसर में आयोजित रावण दहन कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है।
बंजली रिंग रोड स्थित तालाब में होगा बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन
नगर निगम ने दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए अलग-अलग स्थानों पर व्यवस्था की है। एक व्यक्ति द्वारा उठाई जा सकने वाली छोटी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए श्री कालिका माता मंदिर परिसर स्थित झाली तालाब, श्री गढ़कैलाश मंदिर परिसर स्थित अमृत सागर तालाब और श्री हनुमान ताल में व्यवस्था की गई है। वहीं बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन मेडिकल कॉलेज के पीछे बंजली रिंग रोड पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के आगे स्थित तालाब में किया जाएगा। यहां नगर निगम की ओर से अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती के साथ आवश्यक यांत्रिक उपकरणों की व्यवस्था भी की गई है।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रतिमा के आकार के अनुसार निर्धारित विसर्जन स्थल का चयन करें। एक व्यक्ति द्वारा उठाई जा सकने वाली प्रतिमाओं को नजदीकी निर्धारित तालाबों में और बड़ी प्रतिमाओं को बंजली रिंग रोड स्थित तालाब में विसर्जित करें, ताकि व्यवस्था सुचारु बनी रहे।