फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एमपी: दीपावली से पहले ग्वालियर पुलिस का बड़ा एक्शन, कारखानों और दुकानों से 66 कार्बाइड गन जब्त

Sat, 24 Oct 2026 11:43 AM IST
ग्वालियर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ग्वालियर

दीपावली और आगामी त्योहारों से पहले कार्बाइड गन के अवैध निर्माण और बिक्री के खिलाफ ग्वालियर पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है। पुलिस ने सिरोल स्थित एक कारखाने से 58 कार्बाइड गन, जबकि मुरार क्षेत्र की दो दुकानों से 8 गन जब्त की हैं। इस तरह कार्रवाई में कुल 66 कार्बाइड गन बरामद हुई हैं। इसे कार्बाइड गन के खिलाफ प्रदेश की बड़ी कार्रवाइयों में से एक बताया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद त्योहारों के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस ने अवैध और खतरनाक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह के निर्देश पर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें हार्डवेयर दुकानों, फैब्रिकेशन यूनिट्स और कैल्शियम कार्बाइड बेचने वाले प्रतिष्ठानों की जांच कर रही हैं।

पुलिस को सूचना मिली थी कि सिरोल चौराहे के पास स्थित मां पीतांबरा स्टील ट्रेडर्स के कारखाने में बड़ी संख्या में कार्बाइड गन तैयार की जा रही हैं। सूचना के बाद थाना सिरोल पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

पढे़ं: चेन्नई से लौटकर फिर जाने की फिराक में था राहुल, जबलपुर स्टेशन से दबोचा; ज्वेलर्स डकैती कांड का पर्दाफाश

कारखाने में तैयार हालत में 47 सिंगल, 10 डबल और पांच वाली एक गन, कुल 58 गन मिलीं। इसके अलावा मौके से पोटास के पांच पैकेट भी बरामद किए गए।पुलिस ने कारखाने के संचालक रमन ओझा, निवासी शिवनगर, थाना सिरोल के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

कारखाने में बड़ी संख्या में कार्बाइड गन तैयार किए जाने की सूचना मिलने के बाद एसएसपी धर्मवीर सिंह खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने कारखाने का निरीक्षण किया और बरामद गनों एवं अन्य सामग्री के संबंध में जानकारी ली। एसएसपी ने थाना प्रभारी को संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

अभियान के तहत थाना मुरार पुलिस और क्राइम ब्रांच ने घासमंडी क्षेत्र की दो दुकानों पर कार्रवाई की। पुलिस ने अनिल झा की दुकान से 6 गन और काले खान की दुकान से 2 गन जब्त कीं। दोनों दुकानदारों के खिलाफ थाना मुरार में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ग्वालियर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कार्बाइड गन का इस्तेमाल गंभीर दुर्घटना, चोट और अन्य खतरे का कारण बन सकता है। लोग स्वयं भी इसका इस्तेमाल न करें और बच्चों को ऐसी खतरनाक गतिविधियों से दूर रखें।त्योहारों से पहले हुई इस कार्रवाई से पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि कार्बाइड गन का अवैध निर्माण और बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें