महानगर सेक्टर-सी के गीता कुंज कॉलोनी में शुक्रवार रात नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी के संचालक ने कर्मियों के साथ एक सिक्योरिटी गार्ड का अपहरण कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने दो और गार्डों को अगवा किया। तीनों को फ्लैट में बंधक बनाकर पीटा गया। एक मामले में महानगर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थाने में दर्ज एफआईआर के जरिये गीता कुंज कॉलोनी निवासी अमर सिंह ने बताया कि उनकी कॉलोनी में अलीगंज के मेहंदी टोला में रहने वाले आशीष सिंह सिक्योरिटी गार्ड हैं। शुक्रवार रात उनका कुछ पता नहीं चला। सीसीटीवी फुटेज देखने पर सामने आया कि रात करीब 10 बजे कार से चार लोग उतरे और आशीष को पीटते हुए जबरन अपने साथ ले कर चले गए। एडीसीपी सेंट्रल जितेंद्र उपाध्याय ने बताया घटनास्थल पर पहुंचे इंस्पेक्टर महानगर ने फुटेज और साक्ष्य देखे। खुलासे के लिए चार टीमें गठित की गईं। पुलिस टीम सर्विलांस और फुटेज के जरिये शनिवार सुबह करीब 8:22 बजे राम राम बैंक चौराहे के पास पहुंची और घेराबंदी करके कार रुकवा ली। पुलिस ने कार में से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फ्लैट में मिले दो और गार्ड एडीसीपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी का संचालक बहराइच के जरवल का रहने वाला राहुल कुमार वर्मा, कैसरगंज निवासी दीपक वर्मा, एजेंसी का सुपरवाइजर सीतापुर के महमूदाबाद का विश्वनाथ सिंह और सीतापुर के हगांव का रहने वाला देशराज बताया। दीपक राहुल के मामा का बेटा था। पुलिस आरोपियों के बताए गए पते जानकीपुरम के लक्ष्मण मंडपम, आइकॉन अस्पताल के पास स्थित एक फ्लैट में पहुंची। यहां टीम को आशीष के अलावा सिक्योरिटी गार्ड सुरेंद्र कुमार मिश्रा और भूपेंद्र शुक्ला भी सकुशल मिल गए। भय बनाने के लिए की वारदात पुलिस की पूछताछ में मुख्य साजिशकर्ता राहुल ने बताया कि कुछ समय पहले उसकी एजेंसी में तेज बहादुर सिक्योरिटी गार्ड और प्रवीण कुमार सुपरवाइजर थे। 20 नवंबर को लेन-देन को लेकर दोनों का उससे कार्यालय और घर पर विवाद हो गया था। इसके बाद प्रवीण दूसरी सिक्योरिटी कंपनी में काम करने लगा था। एडीसीपी ने बताया कि इस बात से राहुल नाराज हो गया था। उसने प्रवीण और तेज बहादुर को सबक सिखाने व अपनी एजेंसियों में काम करने वालों कर्मचारियों के मन में भय बनाने के लिए साजिश रची। इसमें उसका साथ गिरफ्तार अन्य आरोपियों ने भी दिया। कर्मियों के नहीं मिलने पर किया अगवा शनिवार रात चारों तेज बहादुर और प्रवीण की तलाश में आरोपी कॉलोनी पहुंचे थे। यहां राहुल को उसका पूर्व कर्मचारी आशीष ड्यूटी करते दिखा। उन्होंने आशीष को भी सबक सिखाने और तेज बहादुर व प्रवीण के बारे में पूछताछ करने के लिए उनकी पिटाई शुरू कर दी। फिर उन्हें अगवा करके चले गए। इसके बाद चारों ने उसी रात दो और पूर्व कर्मचारी सुरेंद्र और भूपेंद्र का अपहरण कर लिया। आरोपियों ने तीनों को एक ही जगह बंधक बनाया था। पुलिस टीमों के मिलेगा 25 हजार का इनाम एडीसीपी के अनुसार घटना के सफल अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी में शामिल टीमों को 25 हजार रुपये का इनाम से पुरस्कृत किया जाएगा। आरोपियों के पास चार मोबाइल और घटना में इस्तेमाल कार बरामद हुई है।