मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, लखनऊ के डॉक्टरों ने रोबोटिक सर्जरी के जरिए 30 वर्षीय मरीज के पैंक्रियाज (अग्न्याशय) का दुर्लभ ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाल दिया। अस्पताल के डॉ. वलीउल्लाह सिद्दीकी ने प्रेसवार्ता में सर्जरी की जानकारी दी। बलरामपुर के पास सराय खास निवासी मुश्ताक अली पिछले चार महीने से रुक-रुककर होने वाले पेट दर्द और भूख कम लगने की समस्या से परेशान थे। जांच में उनके पैंक्रियाज के निचले हिस्से में करीब तीन गुणा तीन सेंटीमीटर का ट्यूमर मिला, जिसका आकार लगभग टेनिस बॉल के बराबर था। डॉ. वलीउल्लाह सिद्दीकी के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने रोबोटिक तकनीक से सर्जरी कर पैंक्रियाज के प्रभावित हिस्से के साथ स्प्लीन (तिल्ली) भी निकाल दी। जटिल सर्जरी सफल रही। सात दिन बाद मरीज की हालत स्थिर होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। डॉ. सिद्दीकी ने बताया कि पैंक्रियाज शरीर में गहराई में स्थित होता है और इसके आसपास कई बड़ी रक्त वाहिकाएं होती हैं। ऐसे में यहां सर्जरी करना चुनौतीपूर्ण होता है। रोबोटिक तकनीक से डॉक्टरों को बेहतर दृश्यता और सटीकता मिलती है। साथ ही छोटे चीरे के कारण मरीज को भी लाभ होता है। उन्होंने कहा कि लगातार या रुक-रुककर होने वाले पेट दर्द और भूख कम लगने जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी परेशानी होने पर समय पर जांच और चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।