2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राजधानी में एक बार फिर पोस्टर वार देखने को मिला है। भाजपा और सपा के बाद अब कांग्रेस मुख्यालय के बाहर भी पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टरों में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर पार्टी की भविष्य की राजनीति का संदेश दिया गया है। एक पोस्टर में लिखा है, “1980 के दशक में राजीव गांधी लाए थे कंप्यूटर क्रांति, अब राहुल गांधी Gen-Z के लिए लाए हैं शिक्षा में नई क्रांति।” इसी पोस्टर पर वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने का दावा भी किया गया है। दूसरे पोस्टर में राहुल गांधी को “2029 के प्रधानमंत्री” के रूप में संबोधित किया गया है। इन पोस्टरों के सामने आने के बाद राजधानी में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, पोस्टर कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्वी जोन प्रभारी हसीब खान की ओर से लगवाए गए हैं। हाल में हसीब खान की ओर से राहुल गांधी के 2029 में प्रधानमंत्री बनने संबंधी दावा भी सामने आया था।