सीतापुर रोड स्थित एक होटल में बुधवार शाम डांडिया और गरबा की धूम रही। विमेंस आर्मी ट्रस्ट की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने गरबा की थाप पर कदम मिलाए। मां की उपासना को समर्पित इस आयोजन में उत्साह और उल्लास के बीच महिला सशक्तीकरण का संदेश भी दिया गया। ट्रस्ट की रश्मि सिंह और रुचि रस्तोगी ने बताया कि महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से घर से अपना व्यवसाय संचालित कर रहीं महिला उद्यमियों को कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया। उन्हें अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए निशुल्क स्टॉल उपलब्ध कराए गए, ताकि उनके काम को पहचान मिल सके और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिले। कार्यक्रम में गरबा क्वीन का भी चुनाव किया गया।