एसआई राजेश कुमार की सड़क हादसे में हुई मौत के मामले में पुलिस जांच में जुटी हुई है। शुक्रवार को पुलिस ने हादसे में शामिल दोनों बसों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने निजी बस को हादसे के दौरान ही कब्जे में ले लिया था, जबकि हरियाणा रोडवेज की बस को शुक्रवार को कब्जे में लिया गया। गौरतलब है कि भरवाईं में जाम खुलवाने के दौरान दो बसों की टक्कर हो गई थी। इस हादसे में एसआई राजेश कुमार की मौत हो गई थी। घटना के बाद से ही पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने हरियाणा रोडवेज की बस को भी कब्जे में ले लिया है। हादसे के समय यह बस दिल्ली से बैजनाथ रूट पर जा रही थी। उन्होंने बताया कि पूछताछ के लिए दोनों बसों के चालकों को थाने में बुलाया गया था, लेकिन शुक्रवार को एक बस का चालक ही थाने पहुंचा।पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।