सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की दिशा में सोलन में एक सराहनीय पहल शुरू की गई है। शिक्षा क्रांति सोलन, गीता आदर्श विद्यालय, वर्टेक्स आईटीआई सोलन और राजकीय संस्कृत महाविद्यालय सोलन ने संयुक्त रूप से ठोडो ग्राउंड को स्वच्छता एवं नशा मुक्ति अभियान के लिए चिह्नित किया है। इस पहल के तहत ठोडो ग्राउंड में प्रत्येक सप्ताह नियमित सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही लोगों को स्वच्छता के महत्व और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। इसी कड़ी में आयोजित साप्ताहिक सफाई अभियान में विद्यार्थियों और स्वयंसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने श्रमदान करते हुए मैदान की सफाई की और सार्वजनिक स्थल को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया। अभियान के दौरान शिक्षा क्रांति के अध्यक्ष सत्यन ने विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी अभियान या एक दिन की गतिविधि तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन की आदत और संस्कार बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। युवाओं और बच्चों को स्वयं स्वच्छता के प्रति जागरूक बनने के साथ-साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। इस संयुक्त पहल के माध्यम से ठोडो ग्राउंड में नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने और समाज में स्वच्छता तथा नशा मुक्ति के प्रति सकारात्मक संदेश फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।