सोलन-सुबाथू मार्ग पर बेरटी के नजदीक शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कुठाड़ से सोलन की ओर आ रही पंजाब नंबर की एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से काफी नीचे जा गिरी। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। कार में केवल चालक ही सवार था। हादसा इतना जोरदार था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक को वाहन से बाहर निकाला। इसके बाद घायल को तुरंत उपचार के लिए सोलन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि चालक की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।