फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिरमौर: नाहन के मुख्य बाजार में स्वच्छता के दावों की खुली पोल, दुकानों के सामने लगे कचरे के ढेर

स्वच्छता के दावों के बीच जिला मुख्यालय नाहन के मुख्य बाजार में सफाई व्यवस्था की बदहाल तस्वीर सामने आई है। बाजार खुल चुके थे, दुकानें सज चुकी थीं और ग्राहकों की आवाजाही भी शुरू हो गई थी, लेकिन सुबह 10:30 बजे तक सड़कों से कचरे के ढेर नहीं उठाए गए थे। बड़ा चौक, हिंदू आश्रम सहित शहर के अन्य बाजारों में जगह-जगह कूड़ा बिखरा पड़ा था। हालात ऐसे थे कि कुछ दुकानों के दरवाजों के ठीक सामने कचरे के ढेर लगे हुए थे। दुकानदारों और ग्राहकों को दुकान तक पहुंचने के लिए गंदगी के ऊपर से गुजरना पड़ रहा था। बाजार के बीचोंबीच पसरी गंदगी ने नगर परिषद की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुकानदारों का कहना है कि बाजार खुलने के बाद भी कूड़ा नहीं उठाया जाना रोजमर्रा की समस्या बनता जा रहा है। कई बार दिनभर कचरा सड़कों पर पड़ा रहता है, जिससे शहर की छवि भी प्रभावित हो रही है। दुकानदार मोहम्मद इकबाल शेख ने बताया कि बाजार खुलने के बाद भी कचरे के ढेर नहीं उठाए गए थे। सफाई कर्मियों का कहना था कि एक चक्कर लगाया जा चुका है और दूसरा चक्कर लगाया जाएगा। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि एक गाड़ी से समय पर कूड़ा नहीं उठ पा रहा है तो नगर परिषद को दूसरी गाड़ी भी लगानी चाहिए, ताकि बाजार में समय रहते सफाई हो सके। दुकानदार विनय ठाकुर ने कहा कि उनकी दुकान के दरवाजे के ठीक सामने कचरे का ढेर लगा हुआ था। ग्राहकों को उसी गंदगी के ऊपर से गुजरकर दुकान के भीतर आना पड़ रहा है। उन्होंने नगर परिषद से मांग की कि बाजार खुलने से पहले सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि दुकानदारों और ग्राहकों को परेशानी न झेलनी पड़े। सब्जी विक्रेता सागर शेख ने सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि नगर परिषद की व्यवस्था कमजोर पड़ गई है। उनके अनुसार, दोपहर बाद तो बाजार में झाड़ू तक नहीं लगती, जबकि पहले इस समय भी सफाई होती थी। उन्होंने मांग की कि सुबह के साथ दोपहर बाद भी नियमित सफाई करवाई जाए, ताकि बाजार में गंदगी जमा न हो। जूते के विक्रेता गोपाल अग्रवाल ने कहा कि उनकी उम्र 45 वर्ष हो चुकी है, लेकिन शहर में सफाई व्यवस्था के इतने खराब हालात उन्होंने पहले कभी नहीं देखे। जगह-जगह कचरे के ढेर लगे रहते हैं। उन्होंने कहा कि नाहन की हालत ऐसी हो गई है, मानो पूरा शहर कूड़े का ढेर बन गया हो। इसके लिए लोगों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी और खुले में कचरा फेंकने से बचना चाहिए। उन्होंने नगर परिषद से शहर में पहले की तरह डस्टबीन रखने की मांग भी उठाई। उधर, नगर परिषद अध्यक्ष उपमा धीमान ने कहा कि सफाई कर्मियों के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं। शहर से प्रतिदिन 12 से 14 टन कचरा उठाने के लिए छह गाड़ियां लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि लोग घरेलू कचरे के साथ सड़कों पर पुराने बिस्तर और यहां तक कि मलबा भी फेंक रहे हैं। इससे शहर में कचरे की मात्रा कई गुना बढ़ रही है और सफाई व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। उपमा धीमान ने कहा कि सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर परिषद जल्द ही कठोर निर्णय लेने जा रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें