हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर बुशहर उपमंडल की लालसा पंचायत के ध्वालसा गांव में आग की घटना में देव राज भारद्वाज का रिहायशी मकान जलकर तबाह हो गया। घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार, मकान में आग लगने के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत की। इसी बीच अग्निशमन विभाग को भी घटना की सूचना दी गई। अग्निशमन सेवा की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और अग्निशमन कर्मियों की मदद से आग पर काबू पाने के प्रयास किए गए। लालसा पंचायत की प्रधान संगीता शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशासन और अग्निशमन विभाग को आग लगाने की सूचना दे दी गई थी। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने आग बुझाने के लिए काफी प्रयास किए। घटना में मकान को भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन अभी किया जाना बाकी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।