साईं बाबा के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को जोगिंद्रनगर शहर में भव्य पालकी शोभायात्रा निकाली गई। रंग-बिरंगे फूलों से सजे रथ में साईं बाबा की प्रतिमा विराजमान रही। ढोल-नगाड़ों की थाप, भजनों और साईं राम के जयकारों से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बाबा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। शनिवार दोपहर बाद शहर के सनातन धर्मसभा मंदिर में श्रद्धालुओं का जुटना शुरू हो गया था। शाम करीब चार बजे साईं बाबा की पालकी और रथ को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया। बाबा की प्रतिमा को सुंदर वस्त्र पहनाकर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद भजन-कीर्तन के साथ शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा लक्ष्मी बाजार, पुलिस थाना, गांधी चौक और बस स्टैंड से होकर गुजरी। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पालकी पर फूल बरसाकर स्वागत किया और आरती उतारी। सत्य साईं समिति की संचालिका गीतू सूद ने बताया कि साईं बाबा के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में सनातन धर्मसभा मंदिर में दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।