धर्मपुर (मंडी)। हिमाचल किसान सभा धर्मपुर खंड के सम्मेलन में सरौन के करतार सिंह चौहान को अध्यक्ष और पिपली के मिलाप चंदेल को सचिव चुना गया। शनिवार को सज्याओपीपलु के आंबेडकर भवन में आयोजित सम्मेलन में क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन की रणनीति तय की गई। सम्मेलन की अध्यक्षता बाला राम, रामचंद और रीता शर्मा ने संयुक्त रूप से की। किसान सभा के जिला अध्यक्ष एवं जिला पार्षद कुशाल भारद्वाज ने सम्मेलन का उद्घाटन किया। खंड संयोजक भूपेंद्र सिंह ने तीन वर्षों की गतिविधियों की रिपोर्ट रखी, जिसे चर्चा के बाद पारित कर दिया गया। कुशाल भारद्वाज ने कहा कि भूमिहीन और कम भूमि वाले परिवारों को जमीन उपलब्ध करवाने के लिए सरकार को ठोस नीति बनानी चाहिए। कहा कि किसान सभा स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली, पानी और परिवहन जैसी जनसमस्याओं को लेकर आगे भी संघर्ष जारी रखेगी। खंड संयोजक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि धर्मपुर में परिवहन व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। कई बस रूट बंद हैं। स्वास्थ्य संस्थानों में जांच सुविधाओं की कमी भी बड़ी समस्या है। धर्मपुर में विशेषज्ञ चिकित्सक होने के बावजूद अल्ट्रासाउंड और एक्सरे की सुविधा नहीं है। नई कार्यकारिणी में राजेंद्र पाल कोषाध्यक्ष और ज्ञान चंद पठानिया को वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुना गया। कुलदीप ठाकुर, प्रकाश सकलानी, रीता शर्मा, हरजीत सिंह और मेहर सिंह उपाध्यक्ष होंगे। सुरेंद्र गुलेरिया, कृष्ण देव, श्याम सिंह, अरुण अत्री और प्रताप सकलानी को सह सचिव बनाया गया। इसके अलावा 20 से अधिक सदस्यों को खंड कमेटी में शामिल किया गया।