आनी (कुल्लू)। आनी क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल पनेऊ नाग मंदिर में वीरवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का विधिवत शुभारंभ हुआ। पनेऊई नाग के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान के शुभारंभ अवसर पर क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। कथा के प्रथम दिन क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर शीश नवाया, जबकि सैकड़ों सुहागिन महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में जलयात्रा में भाग लेकर धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत की। कथा के शुभारंभ अवसर पर आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार और पूर्व एपीएमसी चेयरमैन अमर ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान विधायक लोकेंद्र कुमार ने धार्मिक आयोजन के लिए 51 हजार रुपये तथा अमर ठाकुर ने 31 हजार रुपये की सहयोग राशि भेंट की। उन्होंने क्षेत्र वासियों को इस धार्मिक अनुष्ठान की शुभकामनाएं दी और क्षेत्र की सुख समृद्धि की कामना की। चित्रकूट धाम से पहुंचे प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य श्री जनार्दनाचार्य जी महाराज ने श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का माहात्म्य बताते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत पुराण मनुष्य को मोक्ष का मार्ग दिखाने वाला महान ग्रंथ है। उन्होंने कहा कि संसार में जीव का जन्म और मृत्यु निश्चित है, लेकिन इस भौतिक जगत में रहते हुए जीवात्मा का वास्तविक कल्याण श्रीमद्भागवत के श्रवण, मनन और भक्ति से संभव है। उन्होंने राजा परीक्षित की कथा का विस्तार से वर्णन करते हुए भागवत के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। आचार्य ने कहा कि भागवत कथा मनुष्य को सांसारिक मोह-माया से ऊपर उठकर ईश्वर भक्ति, सद्कर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।