कोकसर क्षेत्र में गर्ग एंड गर्ग प्लांट के समीप एक टेंपो ट्रैवलर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में एक शिक्षक सहित कुल आठ लोग घायल हो गए। वाहन में मध्य प्रदेश के इंदौर से घूमने आए 11 स्कूली बच्चे, एक शिक्षक और चालक सवार थे। दुर्घटना में घायल हुए लोगों में एक शिक्षक और सात बच्चे शामिल हैं। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। डीएसपी हेडक्वार्टर केडी शर्मा ने बताया कि टेंपो ट्रैवलर संख्या मनाली से रोहतांग दर्रे होते हुए कोकसर से अटल टनल की ओर जा रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस पोस्ट कोकसर की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने दुर्घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को निकालने का काम किया। घायल शिक्षक और सात बच्चों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।