उपमंडल निरमंड की उर्टू-शरशाह सड़क पर तेंदुए के दो शावकों को उनकी मां के साथ देखे जाने से क्षेत्र में वन्यजीवों की मौजूदगी सामने आई है। सड़क पर तेंदुए के परिवार की मौजूदगी को देखते हुए इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। जानकारी के अनुसार, उर्टू-शरशाह सड़क पर तेंदुए के शावक अपनी मां के साथ दिखाई दिए। ऐसे में खासकर सुबह और शाम के समय इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वाहन चालक धीमी गति से वाहन चलाएं और सड़क पर अचानक वन्यजीव दिखाई देने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखें। वन विभाग अर्सु बीट के रेंज ऑफिसर विनोद नेगी ने लोगों से अपील की है कि तेंदुए के शावकों को देखकर उनके पास जाने, छूने या उन्हें भगाने का प्रयास न करें। शावकों की मां आसपास ही हो सकती है, ऐसे में उनके नजदीक जाना खतरनाक साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को इस क्षेत्र में दोबारा तेंदुआ या उसके शावक दिखाई देते हैं तो इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दें, ताकि आवश्यक कदम उठाए जा सकें।