जिला कुल्लू में पुलिस कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। पुलिस लाइन बाशिंग में 12 से 17 नवंबर तक पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के शारीरिक मानक परीक्षण (PST) और शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET) आयोजित किए जा रहे हैं। भर्ती प्रक्रिया में कुल 5,681 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे। भर्ती के पहले दिन 1,500 पुरुष अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षण में भाग लेंगे। कुल अभ्यर्थियों में 3,798 पुरुष और 1,883 महिला प्रतिभागी शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक एस ने भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस लाइन बाशिंग में आयोजित होने वाले परीक्षणों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है। इसके अलावा पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। एसपी अभिषेक एस ने कहा कि भर्ती के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जा रही है, ताकि चयन प्रक्रिया में निष्पक्षता बनी रहे और अभ्यर्थियों को पारदर्शी तरीके से अपनी योग्यता साबित करने का अवसर मिले।