अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हमीरपुर की ओर से चार अक्तूबर को स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। हमीरपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला संयोजक हर्ष ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण 14 सितंबर से 26 सितंबर तक होंगे। पंजीकरण शुल्क 30 रुपये प्रति विद्यार्थी निर्धारित किया गया है। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों से कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को जिला और राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कारों के साथ ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 31,000 रुपये, द्वितीय को 21,000 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 15,000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा शीर्ष तीन विद्यार्थियों को 11,000 रुपये का सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। जिला स्तर पर प्रथम पुरस्कार 10,000 रुपये, द्वितीय 7,000 रुपये और तृतीय पुरस्कार 5,000 रुपये रखा गया है। शीर्ष पांच विद्यार्थियों को 1,100 रुपये का सांत्वना पुरस्कार मिलेगा। राज्य और जिला स्तर के सभी टॉपर विद्यार्थियों को ट्रॉफी से भी सम्मानित किया जाएगा। जिला संयोजक हर्ष ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए केवल पाठ्यक्रम तक सीमित शिक्षा पर्याप्त नहीं है। देश-दुनिया, इतिहास, संस्कृति, विज्ञान, समसामयिक विषयों और समाज से जुड़े विभिन्न विषयों का ज्ञान विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी उद्देश्य से स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपनी सामान्य ज्ञान की प्रतिभा को परखने का आह्वान किया।