विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था और निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हमीरपुर जिले के शिक्षण संस्थानों में निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसी अभियान के तहत 18 नवंबर को बलिदानी कैप्टन मृदुल शर्मा स्मारक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। प्रतियोगिताओं की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अभिषेक गर्ग ने वीरवार को निर्वाचन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एडीसी अभिषेक गर्ग ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिले के शिक्षण संस्थानों और पांचों विधानसभा क्षेत्रों में ये प्रतियोगिताएं करवाई जा रही हैं। विधानसभा क्षेत्र स्तर पर निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में से प्रत्येक के 10-10 श्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देना और उनमें मतदाता जागरूकता बढ़ाना है। बैठक में एडीसी ने उपनिदेशक उच्च शिक्षा और स्कूल प्रधानाचार्य सहित संबंधित अधिकारियों को प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए सभी जरूरी प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने के निर्देश भी दिए। बैठक में निर्वाचन विभाग के तहसीलदार विजय शर्मा, उपनिदेशक उच्च शिक्षा देशराज डोगरा, प्रधानाचार्य दीप्ति राणा, नायब तहसीलदार बलवंत सिंह और डॉ. ललित कुमार तथा अधीक्षक कमलदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।