पांगी (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र पांगी में विकास कार्यों की गुणवत्ता और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मिनी सचिवालय किलाड़ के सभागार में 20 सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता एपीएमसी चंबा के चेयरमैन एवं 20 सूत्री कार्यक्रम समीक्षा समिति पांगी के अध्यक्ष ललित ठाकुर ने की। आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह ने बैठक में क्षेत्र में विभिन्न विभागों के माध्यम से चलाए जा रहे विकासात्मक और जनकल्याणकारी कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन, निर्धारित लक्ष्यों, लाभार्थियों को मिल रहे लाभ और विकास कार्यों की मौजूदा स्थिति से समिति को अवगत करवाया। ललित ठाकुर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र और जरूरतमंद लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए।