सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी निजी स्कूलों की तर्ज पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था में बदलाव कर रही है। स्कूलों को सीबीएसई पैटर्न पर विकसित करने, पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू करने और स्मार्ट क्लासरूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यह बात नगर नियोजन, आवास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मरहाणा के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में कही। इससे पहले स्कूल की प्रधानाचार्य सीमा शर्मा ने मुख्य अतिथि का शॉल, टोपी और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। समारोह में शैक्षणिक, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उप निदेशक उच्च शिक्षा निदेशक नरेश चंदेल, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरला चौहान, बीडीसी अध्यक्ष उषा चौहान, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष राजेश कुमार, ग्राम पंचायत मरहाणा की प्रधान शिल्पा ठाकुर, ग्राम पंचायत कुठेड़ा मरहाणा की प्रधान नीलम शर्मा, उपप्रधान अशोक ठाकुर, बीडीसी सदस्य नीलम कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूल स्टाफ, अभिभावक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।