जिले में प्राकृतिक खेती से उत्पादित मक्का की सरकारी खरीद को इस वर्ष अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। जिले में अब तक 97 किसानों से 274.12 क्विंटल मक्का की खरीद की जा चुकी है। पिछले वर्ष 32 किसानों से करीब 50 क्विंटल मक्का खरीदा गया था। ऐसे में इस वर्ष खरीद में पांच गुना से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रदेश सरकार की ओर से प्राकृतिक मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 40 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये प्रति किलोग्राम किए जाने से किसानों को अपनी उपज का बेहतर दाम मिल रहा है। प्राकृतिक खेती से जुड़े किसानों का कहना है कि पहले उन्हें मक्का की फसल 20 से 25 रुपये प्रति किलो तक बेचनी पड़ती थी, लेकिन अब सरकार की ओर से निर्धारित एमएसपी के कारण उन्हें उचित दाम मिल रहे हैं। किसानों ने प्राकृतिक मक्का का समर्थन मूल्य बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताया है। उनका कहना है कि सरकार के इस फैसले से किसानों की आय बढ़ने के साथ प्राकृतिक खेती के प्रति उनका रुझान भी बढ़ा है। विकास खंड सदर की ग्राम पंचायत कचौली के साई कनौता निवासी रतन लाल और बिलासपुर के धौलरा निवासी अखिल शर्मा पिछले तीन-चार वर्षों से प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। वे हल्दी, मक्का सहित विभिन्न फसलों का उत्पादन कर रहे हैं। किसानों ने बताया कि आत्मा परियोजना के माध्यम से उन्होंने अपनी मक्का की फसल सरकारी खरीद केंद्र पर बेची है। इसी तरह श्री नयना देवी जी विकास खंड की ग्राम पंचायत कुटैहला के कृष्ण लाल और मंगल सिंह भी प्राकृतिक खेती के माध्यम से हल्दी, मक्का, गेहूं और अदरक का उत्पादन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से फसलों के लिए एमएसपी तय किए जाने से अब उत्पादों के बेहतर दाम मिल रहे हैं। घुमारवीं विकास खंड के कोठी निवासी राम लाल और कुठेहड़ा मरहाणा के किशोर कुमार पिछले सात-आठ वर्षों से प्राकृतिक खेती से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि पहले फसलों के उचित दाम नहीं मिल पाते थे, लेकिन अब सरकार की खरीद व्यवस्था से राहत मिली है। वहीं, अजय रतन और ओम प्रकाश ने भी कहा कि पहले मक्का को 20 से 25 रुपये प्रति किलो तक बेचना पड़ता था, जबकि अब सरकार की ओर से 50 रुपये प्रति किलो का दाम मिलने से किसानों को आर्थिक लाभ हो रहा है।