राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 6 अक्तूबर को प्रस्तावित बिलासपुर दौरे को लेकर एम्स प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। राष्ट्रपति एम्स बिलासपुर के प्रथम दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। समारोह को लेकर एम्स का सभागार सजकर तैयार है। परिसर में साफ-सफाई से लेकर बैठने और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति सुबह करीब 10:35 बजे एम्स परिसर पहुंचेंगी। इसके बाद 10:45 बजे प्रथम दीक्षांत समारोह शुरू होगा। करीब 50 मिनट तक चलने वाले समारोह में मेडिकल शिक्षा पूरी करने वाले विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। समारोह के बाद राष्ट्रपति मनाली के लिए रवाना होंगी। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए एम्स परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें परिसर तथा राष्ट्रपति के आने-जाने वाले मार्गों का निरीक्षण कर चुकी हैं। एम्स प्रशासन ने बताया है कि छह अक्तूबर को दीक्षांत समारोह के कारण बाह्य रोगी विभाग की सेवाएं बंद रहेंगी, जबकि आपातकालीन सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी।