फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिलासपुर में बच्चों ने कुम्हार के चाक पर सीखी दीये बनाने की कला, मिट्टी से जुड़कर जाना अपनी संस्कृति का महत्व

आधुनिक शिक्षा के साथ बच्चों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने की दिशा में अल्फा पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल बरठीं ने एक सराहनीय पहल की है। विद्यालय के जूनियर विंग के विद्यार्थियों ने स्थानीय कुम्हार से मिट्टी के पारंपरिक दीये बनाने की कला सीखी। इस दौरान बच्चों ने जाना कि साधारण मिट्टी किस तरह एक कुशल कारीगर के हाथों में आकार लेकर सुंदर दीये में बदल जाती है। विद्यालय की इस शैक्षणिक गतिविधि के तहत विद्यार्थी स्थानीय कुम्हार पवन कुमार के पास पहुंचे। उन्होंने बच्चों को कुम्हारी कला से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से बताया और दीये बनाने का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। कुम्हार पवन कुमार ने विद्यार्थियों को बताया कि पारंपरिक दीये बनाने के लिए मिट्टी को किस प्रकार तैयार किया जाता है। इसके बाद उन्होंने चाक पर मिट्टी को आकार देकर दीया बनाने की विधि समझाई। बच्चों ने उत्सुकता के साथ पूरी प्रक्रिया देखी और मिट्टी के बर्तन बनाने की बारीकियों को समझा। विद्यार्थियों के लिए यह अनुभव कक्षा में पढ़ाई जाने वाली जानकारी से अलग था, जहां उन्हें पारंपरिक शिल्प को करीब से देखने और समझने का अवसर मिला। इस गतिविधि का मुख्य उद्देश्य बच्चों को भारतीय परंपराओं, लोक कला और पारंपरिक व्यवसायों के महत्व से परिचित करवाना था। साथ ही विद्यार्थियों में मेहनत करने वाले कारीगरों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने पर भी जोर दिया गया। कुम्हारी कला के माध्यम से बच्चों ने समझा कि पारंपरिक शिल्प केवल वस्तुएं बनाने का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य टीडी शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किताबी शिक्षा के साथ व्यावहारिक अनुभव भी जरूरी हैं। इसी उद्देश्य से विद्यालय में ऐसी गतिविधियां आयोजित की जाती हैं, जिनसे बच्चे नई चीजें सीख सकें। उन्होंने कहा कि पारंपरिक कलाओं से जुड़ी गतिविधियां विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच को बढ़ावा देती हैं और उन्हें अपनी संस्कृति एवं विरासत को समझने का अवसर प्रदान करती हैं। प्रधानाचार्य ने कहा कि कुम्हारी जैसी पारंपरिक कलाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है, ताकि बच्चे इनकी उपयोगिता और महत्व को समझ सकें।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें